हजारीबाग। मतवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में हुई अंधाधुंध फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के चार संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस गुप्त स्थान पर रखकर उनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक और चुरचू थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया है। कोर्रा पुलिस चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर स्कॉर्पियो के असली मालिक का पता लगा रही है। सूत्रों के अनुसार संदिग्धों के पास से पिस्टल और गोलियां बरामद हुई हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

गौरतलब है कि 29 अक्टूबर की रात अपराधियों ने होटल के मुख्य द्वार पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस मामले में होटल संचालक अभय सिंह की शिकायत पर कोर्रा थाना में गैंग सरगना राहुल दुबे सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।