रांची। खेल राजधानी रांची ने भारतीय क्रिकेट जगत को एक बार फिर ऐसा होनहार खिलाड़ी दिया है, जिसने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया है। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम), श्यामली के पूर्व छात्र, बाएँ हाथ के आक्रामक बल्लेबाज व स्पिन ऑलराउंडर शिखर मोहन का चयन 'इंडिया-ए' क्रिकेट टीम में हुआ है।
घरेलू क्रिकेट (रणजी ट्रॉफी) में लगातार शतक जड़कर धमाल मचाने वाले शिखर मोहन 24 अक्टूबर से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाली भारत-ए और न्यूजीलैंड-ए टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया है कि जेवीएम श्यामली का मैदान चैंपियन खिलाड़ियों की मजबूत नर्सरी है।
शिखर मोहन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में जेवीएम श्यामली के अनुशासित माहौल, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और कोचिंग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्कूल के मैदान से ही उन्हें तकनीक, दबाव में खेलने की क्षमता और कभी हार न मानने का जज्बा मिला। पढ़ाई और खेल में संतुलन साधने के अनुशासन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
शिखर मोहन के चयन से स्कूल परिवार और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
प्राचार्य बी.एन. झा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा किशिखर मैदान पर एक ऐसी आंधी है जो भारतीय क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है। जेवीएम श्यामली का अनुशासित प्रशिक्षण छात्रों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि बुलंदियों को छूने का हौसला भी देता है।
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक डॉ. मोती प्रसाद ने कहा किशिखर में रनों की भूख और विकेट लेने का जो जुनून है, उसे हमारे स्कूल के खेल मैदान ने ही सींचा है। स्कूल ग्राउंड से शुरू हुआ उसका यह शानदार सफर अब जल्द ही भारतीय सीनियर टीम की जर्सी तक पहुँचेगा।
शिखर मोहन का इंडिया-ए टीम में यह धमाकेदार चयन उनके कड़े परिश्रम और जेवीएम श्यामली की समृद्ध खेल परंपरा का प्रमाण है।
