लोहरदगा। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के झालजमीरा पंचायत स्थित पीपर टोली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक पर अपनी गर्भवती प्रेमिका को जान से मारने की नीयत से गहरे कुएं में धकेलने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पीड़िता पूरी रात कुएं के अंदर ही फंसी रही।

पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान आरोपी युवक से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। इसके बाद से ही वह युवक पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे नाराज होकर युवक ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

आरोप है कि सोमवार की रात युवक युवती को बहला-फुसलाकर गांव के एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने गर्भवती प्रेमिका को एक गहरे कुएं में धक्का दे दिया और फरार हो गया। रातभर कुएं में फंसे रहने के कारण युवती की तबीयत काफी बिगड़ गई।

मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ काम करने जा रहे थे, तब उन्हें कुएं के अंदर से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो एक युवती अंदर फंसी हुई थी। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रस्सी की मदद से युवती को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सेन्हा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से युवती की हालत खतरे से बाहर है। मेडिकल जांच में युवती के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है, और डॉक्टरों ने राहत की बात यह बताई है कि गर्भस्थ शिशु भी पूरी तरह सुरक्षित है।

इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी युवक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।