रांची। युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में भाजपा लगातार मुखर है। इस क्रम में बुधवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, रांची महानगर जिला के तत्वावधान में रांची में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, जेल चौक होते हुए भगवान बिरसा मुंडा पुराना जेल परिसर पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियां, तख्तियां, बैनर एवं पार्टी का झंडा लेकर निशा भगत को न्याय दिलाने के समर्थन में आगे बढ़े। पुराना जेल परिसर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्तियां अर्पित कर दिवंगत निशा भगत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प लिया। इस दौरान निशा भगत को न्याय दिलाने, मामले में नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 10 करोड़ रुपये मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गयी। मौके पर भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि निशा भगत की मौत का मामला केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। भाजपा एवं आदिवासी समाज के लगातार आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की है, जो एक महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन सवाल यह है कि जब प्राथमिकी में नामजद आरोपी अजय तिर्की एवं ज्योत्सना केरकेट्टा के विरुद्ध मामला दर्ज है, तो अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होना गहरा सवाल है।
एबीवीपी ने सीएम का किया पुतला दहन
रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), रांची महानगर के कार्यकर्ताओं ने आदिवासी नेत्री निशा भगत से जुड़े प्रकरण को लेकर बुधवार को सीएम का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे अभाविप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य की संस्कृति, सभ्यता और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण निशा भगत को प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। साथ ही सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाकर अभद्र सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। अभाविप ने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए और आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया जाए। संगठन ने झारखंड सरकार एवं संबंधित प्रशासन से निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग की मौके पर अंकित राज, हर्षित पांडे, तेजस्वी यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
