गिरिडीह।जिले के देवरी अंचल अंतर्गत हीरोडीह थाना क्षेत्र के मानिकबाद गांव में दुर्गापूजा के समापन दिवस पर गुरुवार की रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भारी हंगामा हुआ। मगहिया सुपरस्टार रोशन रोही और गायिका निशा दुबे के इस कार्यक्रम में कलाकारों को करीब से देखने के लिए दर्शकों में भारी होड़ मच गई, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 बजे कलाकारों के आने की सुगबुगाहट के साथ ही दर्शकों में आगे जाने की जिद और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद रात करीब 12 बजे जब मुख्य कलाकार रोशन रोही मंच पर पहुंचे, तो गीत-संगीत और नृत्य के बीच दीवानगी इस कदर बढ़ी कि भीड़ बेकाबू होकर आगे बढ़ने लगी। इस दौरान सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग टूट गई और हालात पूरी तरह बिगड़ गए।
हंगामा बढ़ने और स्थिति के अनियंत्रित होने पर हीरोडीह थाना की पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे अनियंत्रित भीड़ को खदेड़ा जा सका। इस घटना के दौरान ईंट-पत्थर चलने की भी सूचना है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की पुष्टि हुई है। हंगामे के कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा।
सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस ने सूझबूझ का परिचय दिया और सभी कलाकारों को सुरक्षित निकालकर मानिकबाद स्थित एक स्कूल के कमरे में पहुंचाया। बाद में भीड़ शांत होने पर कलाकारों को वहां से सकुशल सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस संबंध में हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अनियंत्रित भीड़ और उपद्रव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास में कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं।
