रांची।राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में साइबर अपराधियों ने ठगी के नए और खतरनाक तरीके अपनाते हुए आम नागरिकों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। हाल ही में सामने आए मामलों में अपराधियों ने महज कुछ घंटों के भीतर चार अलग-अलग लोगों के बैंक खातों से कुल 14,87,266 रुपये की अवैध निकासी कर ली।
कहीं मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे साफ कर दिए गए, तो कहीं फर्जी लिंक के जरिए भोले-भाले लोगों को चूना लगाया गया। सभी पीड़ितों ने इस सिलसिले में साइबर क्राइम थाना और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज करा दी है।
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार का मोबाइल अचानक करीब दो घंटे तक बंद रहा। इस दौरान अपराधियों ने उनके बैंक ऑफ इंडिया (हरमू शाखा) खाते को हैक कर लिया और चार बार में कुल 99,000 रुपये उड़ा लिए। मोबाइल चालू होने पर उन्हें इसका पता चला।
नामकुम के अमेठिया नगर के रहने वाले 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा साइबर अपराधियों के सबसे बड़े शिकार बने। छह नवंबर की रात उनके उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से दो बार में कुल 7,45,000 रुपये (2.50 लाख और 4.95 लाख) निकाल लिए गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया और 1930 पर सूचना दी।
सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली की रहने वाली 21 वर्षीय निरासो कुमारी के पास छह अक्टूबर को एक अनजान लिंक आया था, जिस पर उन्होंने क्लिक कर दिया। अगले ही दिन उनका फोन बंद हो गया। जब उन्होंने जांच कराई तो उनके दो अलग-अलग खातों से कुल 2,48,500 रुपये (77,000 और 1,71,500 रुपये) गायब मिले।
कोकर के डेला टोली, जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से नौ नवंबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 4,14,766 रुपये (2,67,766 और 1,47,000 रुपये) निकाल लिए गए। ठगी की जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर पोर्टल और हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
