गिरिडीह। जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के नावाडीह में मंगलवार को दो बाइकों की जोरदार टक्कर में 76 वर्षीय बुजुर्ग रामेश्वर महतो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतक की पहचान नावाडीह निवासी रामेश्वर महतो के रूप में हुई है। वह मकतपुर स्थित लाइफ लाइन जांच घर के संचालक थे।मृतक के पुत्र अरुण कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनके पिता रोज की तरह अपनी बाइक से नावाडीह स्थित अपने घर से मकतपुर क्लीनिक खोलने के लिए निकले थे। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामेश्वर महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस भीषण हादसे में दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में रामेश्वर महतो को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हादसे में घायल तीनों युवकों को भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।