रांची। झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट (एकेडमिक) डॉक्टरों के लिए बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के मासिक मानदेय में भारी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इस संशोधन के बाद अब डॉक्टरों को ₹70,000 से लेकर ₹80,000 प्रतिमाह तक मानदेय मिलेगा।मानदेय अब पहले वर्ष ₹54,500 के बजाय ₹70,000 प्रतिमाह मिलेंगे।दूसरे वर्ष अब ₹58,500 के बजाय ₹75,000 प्रतिमाह मिलेंगे।तीसरे वर्ष अब ₹63,000 के बजाय ₹80,000 प्रतिमाह मिलेंगे।
इसके साथ ही, रांची स्थित रिनपास, कांके में कार्यरत डीएनबी डॉक्टरों के मानदेय पुनरीक्षण के प्रस्ताव पर भी विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस संबंध में स्पष्ट किया कि डॉक्टरों को अब पैसे की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना, अस्पतालों में अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना और चिकित्सकों के लिए बेहतर कार्य-परिस्थितियां तैयार करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। मानदेय में इस बढ़ोतरी से चिकित्सा संस्थानों में प्रतिभाशाली डॉक्टरों का आकर्षण बढ़ेगा और वे लंबे समय तक राज्य की जनता को अपनी सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार इस प्रस्ताव से जुड़ी फाइल को विधिवत स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का निरंतर यह प्रयास है कि जूनियर और सीनियर—सभी डॉक्टरों का मनोबल ऊंचा रहे और उन्हें बेहतरीन कार्य-वातावरण मिल सके।
