रांची। झारखंड के सैकड़ों लोग उमराह करने के लिए सऊदी अरब गए हैं, लेकिन पिछले 25 दिनों से मक्का में फंसे होने के कारण उनकी भारत वापसी में गंभीर समस्याएं आ रही हैं। ट्रैवल एयरलाइन और एजेंटों द्वारा इस मामले में असमर्थता जताए जाने से स्थिति और बिगड़ गई है। इसके साथ ही भारत में परिजनों के लिए सऊदी अरब में फंसे अपने लोगों को आर्थिक सहायता भेजना भी बेहद मुश्किल हो रहा है, जिससे पीड़ित परिवार काफी चिंतित हैं।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि मक्का में फंसे सभी लोगों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
डॉ. इरफान अंसारी ने इस संबंध में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही भारतीय विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से वहां के संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने की पहल शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि विदेश में अपने परिजनों के फंसे होने से परिवारों की चिंता स्वाभाविक है। संकट की इस घड़ी में उन्हें किसी भी हाल में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। फंसे हुए उमराह यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
