रामगढ़। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को रामगढ़ क्षेत्र के 8 मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक तथा 'चुनाव पाठशाला' कार्यक्रम के तहत किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 'एसआईआर' के तहत मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाने में पूरी सहायता दी जाए। उन्होंने सक्षम प्राधिकारियों के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र एवं वंशावली उपलब्ध कराने तथा अन्य राज्यों से आए मतदाताओं की मैपिंग संबंधित राज्य की विगत एसआईआर मतदाता सूची से कराने के निर्देश दिए।
के. रवि कुमार ने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे हाउस-टू-हाउस सर्वे के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और भावी मतदाता बनने वाले युवाओं की सूची तैयार करें और उन्हें 'फॉर्म-6' उपलब्ध कराएं। इन सभी ब्यौरों को बीएलओ रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने और नए पात्र नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज जमा करने में सहयोग देने को कहा गया।
मौके पर मौजूद बीएलओ ने फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को अवगत कराया और इनके समाधान के लिए विशेष कैंप आयोजित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि नाम जोड़ने के लिए मिले कई फॉर्म-6 आवेदनों के डिजिटाइजेशन का काम जारी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्यभर में चल रहे 'होम-टू-रोल वेरिफिकेशन' कार्य को हर हाल में 12 नवंबर तक समय पर पूरा करने की कड़ी हिदायत दी।
