राँची।झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा में तैनात 13 वर्ष पुराने बुलेटप्रूफ वाहन को राज्य सरकार को वापस लौटा दिया है। बार-बार रास्ते में वाहन खराब होने से सुरक्षा पर मंडराते खतरे को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताई है और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने 21 मार्च 2026 को ही पत्र के माध्यम से सरकार को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। केवल उनका ही वाहन नहीं, बल्कि सुरक्षा में तैनात जवानों की जिप्सियाँ भी जर्जर अवस्था में हैं। इस संबंध में गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और आईजी (प्रोविजन) को कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
श्री मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की बदहाली और हाल ही में 6 नवंबर को उनके काफिले में हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए सरकार की नीयत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के लिए तुरंत नए और अत्याधुनिक वाहन उपलब्ध करा दिए जाते हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुराने और खटारा वाहनों के भरोसे छोड़ दिया गया है।
पत्र में श्री मरांडी ने सीधे मुख्यमंत्री से सवाल किया है।आखिर किसके आदेश पर सुरक्षा वाहन बदलने की प्रक्रिया रोकी जा रही है?अधिकारी किसके नाम पर निर्णय टालने का काम कर रहे हैं?जब भविष्य में आप स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री होंगे और ऐसी ही स्थिति का सामना करेंगे, तब आप सरकार से क्या जवाबदेही की अपेक्षा रखेंगे?
उन्होंने कहा है कि सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों के आधार पर समीक्षा की जाए।
सभी को तत्काल प्रभाव से सुरक्षित और नए वाहन उपलब्ध कराए जाएं।
सुरक्षा शिकायतों पर अब तक की गई कार्रवाई का 7 दिनों के भीतर लिखित ब्योरा सौंपा जाए।
