​रांची। जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को रांची में झारखंड की जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन, विकास और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर एक भाषा मार्च निकाला गया। इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, भाषा प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

भाषा मार्च की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। हजारों की संख्या में शामिल लोगों का कारवां विभिन्न नारे लगाते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा और वहां से होते हुए भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल तक गया। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने झारखंड की मातृभाषाओं के सम्मान, भाषा आधारित शिक्षा व्यवस्था लागू करने, भाषाओं के संरक्षण और सरकारी स्तर पर इनके समुचित विकास की जोरदार मांग उठाई।

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल यहां की भौगोलिक सीमाओं और खनिज संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यहां की समृद्ध जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विरासत से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की भाषा उसकी आत्मा होती है, इसलिए झारखंड की भाषाओं की उपेक्षा वास्तव में यहां की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत की उपेक्षा है।

जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा बचाओ मोर्चा ने सरकार के समक्ष निम्नलिखित मुख्य मांगें रखी हैं। इनमें ​राज्य की सभी जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और विकास के लिए एक प्रभावी भाषा नीति लागू करने,​राज्य में 'जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा अकादमी' की स्थापना हो ताकि सभी भाषाओं के साहित्य, संस्कृति और शोध को संस्थागत संरक्षण और​ प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक मातृभाषा में पढ़ाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।

​मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि सरकार इन सभी महत्वपूर्ण मांगों पर जल्द विचार कर उचित कदम उठाएगी।