हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने चरही थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण कांड का त्वरित और सफल उद्भेदन करते हुए एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार (35) को सकुशल मुक्त करा लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार गत रात्रि करीब 8:30 बजे टाटी साउथ सीसीएल परियोजना, चरही में कार्यरत एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार का अपहरण कर लिया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार के निर्देश पर एएसपी अभियान और विष्णुगढ़ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की दबिश के आधार पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक काली स्कॉर्पियो वाहन की पहचान कर उसे जब्त किया गया। चंदवारा थाना क्षेत्र से एक काली क्रेटा कार बरामद की गई। इसी क्रम में पुलिस ने अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को चंदवारा थाना क्षेत्र से पूरी तरह सुरक्षित मुक्त करा लिया।

इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान राजेश यादव, विक्की कुमार, आनंद कुमार महतो, दिलीप प्रसाद महतो और मनीष कुमार के रूप में हुई है।

चरही थाना कांड संख्या 88/26 के तहत बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।