गोड्डा। जिले में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गोड्डा-भागलपुर रेलखंड पर डांड़े हॉल्ट और पांडे टोला हॉल्ट के बीच अचानक पटरी पर आ गई एक जनरेटर ट्रॉली से गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन टकरा गई। इस टक्कर से ट्रेन के डिब्बों में तेज आवाज गूंजी, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के भी हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को यह पैसेंजर ट्रेन निर्धारित रेलखंड से गुजर रही थी। इसी दौरान डांड़े और पांडे टोला हॉल्ट के बीच अचानक पटरी पर जनरेटर ट्रॉली आ गई और ट्रेन सीधे उससे टकरा गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय ट्रेन की रफ्तार अधिक नहीं थी और चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

चूंकि इन दिनों छठ पर्व का माहौल है, इसलिए गोड्डा, हंसडीहा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री गंगा स्नान के लिए यात्रा कर रहे थे। अचानक हुई टक्कर के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और संबंधित कर्मी तुरंत हरकत में आ गए और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पटरी पर जनरेटर ट्रॉली कैसे और किन कारणों से पहुँची, इस बात का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।