अजय शर्मा

खूंटी। सरकार द्वारा देश को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बावजूद झारखंड के खूंटी जिले के अड़की प्रखंड स्थित मोसंगा गांव और उसके टोला इंदिपीड़ी की जमीनी हकीकत विकास के दावों की पोल खोल रही है। कभी पुलिस और नक्सलियों के खौफ की साए में जीने वाले इन गांवों में अब गोलियों की आवाज तो थम गई है, लेकिन बेरोजगारी, गरीबी, सिंचाई और शिक्षा के अभाव ने ग्रामीणों की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि एक समय ऐसा था जब पुलिस और नक्सलियों दोनों के भय से कई युवा रात में घरों में सोने के बजाय पहाड़ पर जाकर रात गुजारते थे। वर्ष 2009 में पानी लाने गए निर्दोष युवक सुकरा अहिर की मुठभेड़ में मौत और पारा शिक्षक नेताई मुंडा की हत्या जैसी घटनाओं ने इलाके को दहशत में रखा था। खूंटी-तमाड़ मुख्य सड़क पर खसारीबेड़ा से आगे चारपहिया वाहन ले जाने की हिम्मत भी लोग नहीं जुटा पाते थे।

हालिया स्थिति सामान्य होने पर लौटे युवाओं के लिए गांव में रोजगार के साधन नहीं थे। नतीजतन, कुछ युवा अफीम की खेती की तरफ आकर्षित हुए, जिसके कारण नौ युवाओं को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जाना पड़ा। हालांकि, अब वहां अफीम की खेती बंद है, लेकिन रोजगार का संकट बरकरार रहने के कारण करीब 20 युवा रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों को पलायन कर चुके हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वे मेहनत से पीछे नहीं हटते, लेकिन जोरको नदी के किनारे के अलावा अधिकांश जमीन सिंचाई के साधनों के अभाव में खाली पड़ी रहती है। सरकार बीज तो उपलब्ध कराती है, पर खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों की मांग है कि डीप बोरिंग की सुविधा मिलने पर उन्हें पलायन नहीं करना पड़ेगा।

इंदिपीड़ी के स्कूल को मोसंगा मध्य विद्यालय में मर्ज किए जाने के बाद मध्य विद्यालय के आगे बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है, क्योंकि उच्च विद्यालय जोजोहातू और अड़की दूर हैं। इसके अलावा, खसारीबेड़ा-जोजोहातू सड़क से इंदिपीड़ी जाने वाली टूटी पुलिया को ग्रामीणों ने खुद श्रमदान कर चलने लायक बनाया है, जिससे बरसात में भारी परेशानी होती है।

आत्मसमर्पण कर चुकीं पूर्व महिला नक्सली सोनिया कुमारी परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक सरकारी नीति के तहत मनपसंद जमीन नहीं मिल पाई है। वहीं, बड़े नक्सली नेता कृष्णा अहिर के भाई विश्वदेव अहिर का परिवार आज भी जर्जर घर में आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और पैसों के अभाव में उनकी बेटी की आगे की पढ़ाई छूट गई है।

ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी मिलने पर खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने इंदिपीड़ी गांव में दो डीप बोरिंग कराने, विश्वदेव अहिर को सरकारी अनुदान पर गाय उपलब्ध कराने और संबंधित अभियंता को टूटी पुलिया की जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। नक्सलवाद के साए से मुक्त हुए इन गांवों के लोग अब बुनियादी सुविधाओं और विकास की आस लगाए बैठे हैं।