रांची। भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने आदिवासी नेत्री निशा भगत की असामयिक मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत एक निडर और संघर्षशील आदिवासी बेटी थीं, जो समाज की धर्म, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठाती थीं। मौत से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी कर मानसिक प्रताड़ना और चरित्र हनन के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि निशा भगत के वीडियो में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार, अजय तिर्की और झारखंड पुलिस सहित कुछ लोगों का नाम सामने आया है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में पहले भी सुभाष मुंडा, सोमा मुंडा, लक्ष्मीकांत मुंडा, रूपा तिर्की, संध्या टोपनो और प्रेम सागर मुंडा जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जो राज्य में आदिवासी समाज के अगुआ और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगाते हैं।
उन्होंने निशा भगत की मौत की सीबीआई जांच कराने, अजय तिर्की सहित आरोपों में नामित लोगों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तारी और निशा भगत की पुलिस से हुई बातचीत और सुरक्षा संबंधी शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच एवं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
समीर उरांव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार राज्य की जनता को सुरक्षा देने में असमर्थ है, तो मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
