धनबाद। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने धनबाद के बारामुड़ी में जिला प्रशासन द्वारा खटाल हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन की बढ़ती कीमतों के कारण उसे भू-माफिया को सौंपने की नीयत से यह कार्रवाई की जा रही है।
पप्पू यादव ने कहा कि खटाल संचालकों को उनके अधिकार से बेदखल नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो वे धनबाद से रांची तक पैदल मार्च करेंगे। उन्होंने इस मुद्दे को केवल जमीन का नहीं, बल्कि यादव, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों की संस्कृति और आजीविका से जुड़ा बताया।
सांसद ने जानकारी दी कि इस संबंध में उनकी बातचीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी हुई है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में उचित पहल का आश्वासन दिया है। इसके अलावा, पप्पू यादव ने झारखंड की रॉयल्टी के बकाए को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और भाजपा पर हेमंत सरकार को बेवजह घेरने का आरोप लगाया।
