रांची। राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (सेंट्रल जेल) की सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और मानवाधिकारों की दावों की एक बार फिर से पोल खुल गई है। जेल के भीतर एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार (कस्टोडियल गैंगरेप) करने का अत्यंत गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है।
पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाने में जेल अधीक्षक, जेल डॉक्टर और वार्ड इंचार्ज समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर घटना से कुछ समय पहले भी जेल के भीतर इसी प्रकार की अमानवीय और आपराधिक घटना घटित हो चुकी है, जो प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था पर बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है।
रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित मेकोन कॉलोनी निवासी पीड़ित युवक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका 20 वर्षीय पुत्र (काल्पनिक नाम: एस शर्मा) एक मामले (कांड संख्या 21/2026) में विचाराधीन बंदी के रूप में होटवार जेल में बंद था। रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को उसे इस मामले में ससम्मान बरी कर दिया।
जेल से रिहा होने के बाद युवक बेहद डरा हुआ था और गहरे मानसिक सदमे में था। परिवार द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से ढांढस बंधाने के बाद उसने जेल के भीतर हुई इस खौफनाक आपबीती का खुलासा किया।
पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में आरोपियों को दो श्रेणियों (सेट-ए और सेट-बी) में बांटा गया है।मुख्य आरोपी (सेट-ए): इस श्रेणी में जेल के अंदर बंद अपराधी व कर्मी शामिल हैं—पिंटू (वार्ड 14),अरविंद गुप्ता (वार्ड 14),साहिल अंसारी (वार्ड 15), साहिल साह (वार्ड 15),रबिसर लोहरा (वार्ड 15),पवन (कैंटीन बॉय, वार्ड 14), मंटू (वार्ड 14),धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव (वार्ड 15),बल्लू (वार्ड 15), रेहान गोलू (वार्ड 15), गोलू साव (वार्ड 15),पोगो (अज्ञात), वार्ड नंबर 15 का वार्ड इंचार्ज,पुलिसकर्मी सिंह और संतोष उरांव (वार्ड 14)।
सह-आरोपी व साजिशकर्ता (सेट-बी): लोक सेवक के रूप में लापरवाही, मिलीभगत और साक्ष्य छिपाने के आरोप में—बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक,संबंधित वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर है।
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद जब न्याय की गुहार लगाने और मेडिकल सहायता के लिए जेल प्रशासन के समक्ष प्रयास किया गया, तो आरोपियों व जिम्मेदार अधिकारियों ने न केवल शिकायत पत्र को फाड़ दिया, बल्कि गंभीर रूप से प्रताड़ित पीड़ित को इलाज से भी साफ इनकार कर दिया।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना, जेल प्रशासन कटघरे में
होटवार जेल के भीतर इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे कुछ समय पहले भी इसी तरह की घिनौनी और अमानवीय घटना सामने आ चुकी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्रीय कारा सुरक्षा और सुधार गृह न रहकर अपराधियों और भ्रष्ट तंत्र का अड्डा बन चुका है। बार-बार इस तरह के मामलों के सामने आने से झारखंड की कानून-व्यवस्था और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर दाग लग गए हैं।
फिलहाल, खेलगांव थाना पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
