गोड्डा। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 11 वर्षीय चौथी कक्षा की छात्रा नीतू मरांडी की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी और भारी आक्रोश फैल गया है। मृतका उत्क्रमित मध्य विद्यालय डहुआ की मेधावी छात्रा थी और तलवा मरांडी की पुत्री थी। बच्ची का शव उसके घर के पीछे कुएं के पास आलू के खेत से बरामद किया गया है।
मृतका के पिता के अनुसार रात करीब एक बजे उनके घर के दरवाजे का किवाड़ हिलने की आवाज सुनाई दी थी। पहले उन्हें लगा कि कोई कुत्ता होगा, लेकिन जब उन्होंने उठकर देखा तो आंगन में बच्ची का कंबल गिरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को जगाकर तलाश शुरू की, जिसके बाद घर के पीछे खेत से बच्ची का शव मिला।
घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोकते हुए हत्यारे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
सूचना मिलते ही महागामा एसडीपीओ वरुण रजक, पुलिस इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो, थाना प्रभारी रोशन कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि बच्ची की अत्यंत निर्मम तरीके से हत्या की गई है। पुलिस फिलहाल बच्ची के सिर की तलाश कर रही है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रशासन ने जल्द से जल्द हत्यारे को दबोचने का भरोसा दिया है।
