गुमला। सदर थाना क्षेत्र के करंज मोड़ (सेसो के समीप) पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्कूटी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पी. केरकेट्टा (19 वर्ष), अभिषेक बाड़ा (20 वर्ष)और कोसमोस एक्का (25 वर्ष) है। एसडीपीओ ने बताया कि 31 अक्टूबर की शाम को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करंज मोड़ के पास कुछ युवक स्कूटी पर बैठकर ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार गुमला थाना पुलिस और सशस्त्र बल की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो तीनों युवक स्कूटी पर बैठे हुए थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा। इसके बाद तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से एक प्लास्टिक के पैकेट में रखा लगभग 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
जिला
ब्रेकिंग
