रांची। आदिवासी बहुल राज्य झारखंड की समृद्ध खान-पान संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू अब देश-दुनिया तक पहुंचेगी। रांची से लेकर दुमका, कोल्हान और पलामू प्रमंडल तक निवास करने वाले 32 विभिन्न आदिवासी समुदायों के पारंपरिक खान-पान पर शोध और दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस दिशा में डॉ. रामदयाल मुंडा ट्राइबल वेलफेयर रिसर्च इंस्टीट्यूट (टीआरआई), रांची ने बड़ी पहल की है। संस्थान पहले चरण में कम से कम 100 प्रमुख पारंपरिक व्यंजनों पर गहन शोध और उनका दस्तावेजीकरण कराएगा।
झारखंडी व्यंजनों की सबसे बड़ी विशेषता इनमें इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्रियां हैं।
पोदम जिलू / पटपोड़ मांस: चाईबासा और कोल्हान क्षेत्र का यह बेहद प्रसिद्ध मांसाहारी व्यंजन है, जिसमें चिकन या मटन को मसालों के साथ सखुआ (साल) के पत्तों में लपेटकर सीधे आग या मिट्टी के चूल्हे पर पकाया जाता है।
रुगड़ा: मानसून के मौसम में जंगलों में प्राकृतिक रूप से उगने वाला दुर्लभ जंगली मशरूम, जो अपने स्वाद और पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है।
अन्य प्रमुख व्यंजन: धुसका, छिलका रोटी, चावल, मड़ुआ और गोंडली के आटे से बनने वाला पीठा तथा बांस की कोपल (करील) की सब्जी आदि शामिल हैं।
शोध कार्य के दौरान इन व्यंजनों की 400 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें ली जाएंगी और एक विस्तृत किताब का प्रकाशन भी किया जाएगा। संस्थान ने इस कार्य को अंजाम देने के लिए योग्य और रजिस्टर्ड एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं।
