लोहरदगा। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित दंपति ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान धनामुंजी निवासी लोथे उरांव के 25 वर्षीय पुत्र अजित उरांव और उसकी 20 वर्षीय पत्नी बाल्मीकि उरांव के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 8 बजे अजित ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद पति-पत्नी एक ही कंबल में लिपटे और उस पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस से आग लगा ली। कमरे से आग की लपटें उठता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा, तब तक दोनों बुरी तरह झुलस चुके थे। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से झुलसे अजित उरांव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसकी पत्नी बाल्मीकि उरांव को रिम्स, रांची रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार अजित मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर था और वह काफी नशा भी करता था। दोनों की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी और दंपति की कोई संतान नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं था, लेकिन अजित अक्सर अकेला रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

आत्महत्या के असली कारणों का अब तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया सुमित उरांव और भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता दल-बल के साथ धनामुंजी गांव पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों का बयान दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।