गुमला। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं और निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने निशा के पिता हंदु भगत से मुलाकात कर परिवार की समस्याएं और शिकायतें सुनीं।

पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली यह घटना बेहद दिल दहला देने वाली है। आयोग इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इस संबंध में कई शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं।

अध्यक्ष विजया रहाटकर ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में राज्य के डीजीपी से बात कर अब तक हुई पुलिस कार्रवाई और आगे उठाए जाने वाले कदमों का ब्यौरा लेंगी। उन्होंने दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

राज्य सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि केवल मामले को सीबीआई को सौंप देना ही सरकार की जिम्मेदारी का अंत नहीं है। राज्य सरकार को भी संवेदनशीलता दिखाते हुए राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और राष्ट्रीय महिला आयोग पूरे मामले की निगरानी रखेगा।