चांडिल। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सरायकेला-खरसावां स्थित धातकीडीह जाने के दौरान परिजनों के साथ प्रसिद्ध चांडिल डैम का परिभ्रमण किया। डैम के प्राकृतिक सौंदर्य से अभिभूत मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने तथा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को चांडिल डैम के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक और पर्यावरण-अनुकूल (सस्टेनेबल) ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नौकायन आधुनिक करने, पर्यटकों की सुरक्षा व बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने और इको-टूरिज्म के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही डैम में जल प्रबंधन, बिजली उत्पादन और चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम और उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
