हजारीबाग। केरेडारी थाना क्षेत्र के कंडाबेर पंचायत अंतर्गत सिरमा गांव में 22 वर्षीय युवक फुलचंद कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव गांव के मनवा कोचा के समीप एक सफेद गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिलने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।

मृतक के पिता खेमलाल गंझू ने गांव के ही पांच लोगों पर अपने बेटे की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने और साक्ष्य छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने केरेडारी थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

थाना को दिए गए आवेदन के अनुसार, मृतक के पिता खेमलाल गंझू ने बताया कि उनके पुत्र फुलचंद कुमार (22 वर्ष) का सिरमा गांव की ही रहने वाली नीलम कुमारी (21 वर्ष, पिता- विद्या भोगता) के पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करने के लिए राजी थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी विवाद के बीच गत 13 नवंबर को विद्या भोगता, दशरथ भोगता, चमेली देवी, रितिक कुमार एवं बसंती देवी ने फुलचंद कुमार को अपने घर बुलाया और कथित रूप से बंधक बनाकर रखा। इसके बाद 16 नवंबर को युवक का शव मनवा कोचा के पास फंदे से लटका हुआ मिला।

मृतक के पिता ने आशंका जताई है कि उनके पुत्र की लाठी-डंडों एवं ईंट-पत्थरों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या की गई है और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को गमछे के सहारे लटका दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटनास्थल पर मृतक के दोनों हाथ और पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे यह पूरी घटना प्रथम दृष्टया बेहद संदिग्ध प्रतीत होती है।

घटना के बाद से मृतक के परिजनों में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद पांचों आरोपियों के विरुद्ध त्वरित प्राथमिकी दर्ज की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।