रामगढ़। जिला पुलिस ने एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर अवैध निकासी करने और फर्जी हेल्पलाइन नंबरों के जरिए लोगों को ठगने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पतरातू पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के पैसे चुराने और एटीएम बूथों पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर चस्पा कर खुद को बैंक अधिकारी बताकर ठगी करने की कई शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, सहायक पुलिस अधीक्षक सह एसडीपीओ पतरातू के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था।

एसआईटी टीम ने तकनीकी सहयोग से बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित एसबीआई एटीएम के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे चार युवकों को दो स्कूटी के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 18 अलग-अलग लोगों के एटीएम कार्ड,

8,970 रुपये नकद और एटीएम से छेड़छाड़ में प्रयुक्त इंजीनियरिंग टूल्स बरामद किए गए हैं।

कड़ाई से पूछताछ करने के बाद आरोपियों ने एटीएम से अवैध निकासी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, इन सभी अपराधियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम मनीष कुमार (28 वर्ष) – निवासी: नोएडा, उत्तर प्रदेश,मो. आसिफ (30 वर्ष) – पिता: मो. अंग्रेज अंसारी, निवासी: नोएडा, उत्तर प्रदेश,सूरज कुमार (37 वर्ष) – पिता: शैलेंद्र सिंह, निवासी: विकास नगर, रामगढ़ और आयुष कुमार (25 वर्ष) – पिता: अनमोल कुमार सिंह, निवासी: सीतामढ़ी, बिहार है।