मेदिनीनगर। पांकी रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में दो प्रसूताओं और एक नवजात की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। साथ ही, डॉ. प्रिया सिन्हा और डॉ. राकेश कुमार के खिलाफ शहर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हाल ही में इलाज के दौरान पाटन की सुमन कुमारी और गढ़वा की पूजा कुमारी की प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से मौत हो गई थी, और एक नवजात की भी जान चली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी के निर्देश पर सिविल सर्जन द्वारा गठित पांच सदस्यीय जांच टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई।

गुरुवार देर शाम प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता, सदर एसडीओ संजय पांडेय और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर उसे पूरी तरह सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।