रामगढ़। जिले के लइयो क्षेत्र स्थित झारखंड उत्खनन परियोजना कार्यालय परिसर में रैयतों, विस्थापितों एवं स्थानीय ग्रामीणों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर विशाल एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के बैनर तले आयोजित हुआ।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. टाइगर जयराम महतो ने सीसीएल प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रबंधन पुरानी सेल समिति को भंग कर नई सेल समिति का गठन करे। नई समिति में उन्हीं लोगों को शामिल किया जाए, जिनकी जमीन पर आज सीसीएल की परियोजना खड़ी है।

उन्होंने कहा कि सेल के संचालन में पहली प्राथमिकता रैयतों, विस्थापितों, प्रभावितों एवं स्थानीय ग्रामीणों की होनी चाहिए। इस खदान से जो कोयला निकल रहा है, वह यहां के रैयतों के पूर्वजों की जमीन से निकल रहा है। इसलिए परियोजना में होने वाले प्रत्येक कार्य में सबसे पहले स्थानीय लोगों को रोजगार और काम का अवसर मिलना चाहिए। स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रबंधन इन मांगों पर गंभीरता से पहल नहीं करता है, तो इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष रवि कुमार महतो ने कहा कि क्षेत्र के रैयतों, विस्थापितों एवं स्थानीय ग्रामीणों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्षों से लंबित समस्याओं का अविलंब समाधान होना चाहिए। उन्होंने प्रबंधन से स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की। इस धरना-प्रदर्शन में मोर्चा के केंद्रीय, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों, रैयत, विस्थापित, प्रभावित एवं स्थानीय ग्रामीण हजारों की संख्या में उपस्थित रहे।