रामगढ़। देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में कार्तिक अमावस्या, काली पूजा और दीपावली के पावन पर्व को लेकर भव्य धार्मिक तैयारियां की गई हैं। रविवार को पड़ने वाली कार्तिक अमावस्या पर तंत्र साधना और सिद्धि प्राप्त करने के लिए देश के कोने-कोने से तांत्रिकों और साधकों का जुटना शुरू हो गया है।

इस विशेष अवसर पर मां छिन्नमस्तिका मंदिर और दक्षिणेश्वरी काली मंदिर को आकर्षक एवं भव्य विद्युत सज्जा से सजाया गया है। महा पर्व को लेकर मंदिर प्रांगण में रातभर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

दामोदर और भैरवी नदी के पवित्र संगम तट पर स्थित रजरप्पा सिद्धपीठ को तंत्र साधना के लिए अत्यंत प्रभावशाली माना जाता है। वैसे तो यहां सालभर साधकों द्वारा पूजा-अर्चना और साधना की जाती है, लेकिन नवरात्र, दीपावली और विशेषकर कार्तिक अमावस्या की रात्रि में साधना का महत्व कई गुना बढ़ जाता है।

शास्त्रों और मान्यताओं के अनुसार वर्ष में 12 अमावस्याएं आती हैं, परंतु कार्तिक अमावस्या को तंत्र और भक्ति शास्त्र में सबसे श्रेष्ठ माना गया है। इसे 'दीपान्विता अमावस्या' भी कहा जाता है।

कार्तिक अमावस्या की रात महा निशाकाल में साधना करना विशेष फलदायी और सिद्धिदायक माना गया है।

इस दौरान कई साधक मंदिर परिसर में, तो कई संगम तट, जंगलों और एकांत स्थलों पर पूरी रात महा निशाकाल में लीन रहकर तंत्र-मंत्र की सिद्धि प्राप्त करते हैं।

काली पूजा और दीपावली को देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और दूर-दराज से आने वाले साधकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।