रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए रविवार को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही गांव में लोगों का तांता लगा रहा, जिसमें महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग और विभिन्न समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान योग गुरु बाबा रामदेव भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने उनके पैतृक आवास पहुंचे और दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
योग गुरु बाबा रामदेव दोपहर करीब 1:20 बजे पैतृक आवास पहुंचे। रास्ते में उन्होंने गाड़ी से बाहर आकर संस्कार भोज में शामिल होने आए लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रवेश द्वार पर खुद उनका स्वागत किया और उन्हें अंदर ले गए, जहां बाबा रामदेव ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अपनी मां की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद घर के आंगन में तुलसी मंडप के पास संथाली रीति-रिवाजों के अनुसार रस्में निभाई गईं। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे संथाल समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
संस्कार भोज के लिए बनाए गए बड़े पंडाल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे और वहां भोजन कर रहे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। सुबह से ही विभिन्न जिलों से लोग नेमरा पहुंच रहे थे।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी, संजय यादव और योगेंद्र महतो के अलावा झामुमो के वरिष्ठ नेता विनोद पांडे, फागू बेसरा, संजीव बेदिया, विनोद किस्कू और मदन मोहन अग्रवाल सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन की व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभाई।
