जमशेदपुर।दीपावली की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्थित आंध्रा एसोसिएशन मैदान के समीप एक मकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मकान के अंदर खड़ी एक बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गई। हालांकि, मकान के भीतर फंसे एक व्यक्ति ने अपनी सूझबूझ से पिछले दरवाजे से बाहर निकलकर सुरक्षित अपनी जान बचा ली।
दीपावली की रात अचानक मकान के अंदर आग भड़क उठी और देखते ही देखते तेज लपटों के साथ पूरे घर में धुआं भर गया। मुख्य दरवाजा आग की चपेट में आने और धुएं के कारण उस व्यक्ति के लिए बाहर निकलना असंभव हो गया था। ऐसे में उसने घबराने के बजाय समझदारी दिखाते हुए पिछले दरवाजे का इस्तेमाल किया और सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग इतनी भयानक थी कि इसकी चपेट में आकर घर के अंदर रखी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों के अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी पटाखे की चिंगारी हो सकता है। हालांकि,अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
