रांची। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल की अगुवाई में प्रेस क्लब, रांची में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग -अजर्नी ऑफ लव’ पर विशेष पुस्तक पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के अलावा प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, शशि भूषण राय , सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, जया जायसवाल उपस्थित हुए।कार्यक्रम में पुस्तक के विभिन्न अंशों को पढ़ा गया। इस दौरान सोनिया गांधी के जीवन, उनके व्यक्तिगत अनुभवों, संघर्षों, विचारों और उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई। पुस्तक में बताए गए कई भावनात्मक प्रसंगों और उनके जीवन से जुड़े अनुभवों को भी साझा किया गया। मौके पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पुस्तक के माध्यम से लोगों को उनके जीवन के कई ऐसे पहलुओं के बारे में जानने का अवसर मिलता है, जिनसे आमतौर पर लोग परिचित नहीं हैं। उनके जीवन के अनुभव और विचार समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड के प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि सोनिया गांधी की यह पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, त्याग, संघर्ष और प्रेम की कहानी है। यह पुस्तक उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ देश की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के कई महत्वपूर्ण पहलुओं को भी सामने लाती है। पुस्तक को पढ़कर उनके जीवन और विचारों को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुस्तक पाठ जैसे कार्यक्रम समाज में पढ़ने और लिखने की रुचि को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को अपने विचार रखने और दूसरों के विचारों को समझने का अवसर मिलता है। यह पुस्तक मानवीय भावनाओं, रिश्तों, प्रेम और जीवन के अनुभवों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण रचना है।
26 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस निकालेगी 'संविधान रक्षा मार्च', कटे वोटरों के मुद्दे पर 18 से चौपाल
रांची। प्रदेश कांग्रेस कमेटी आगामी 26 नवंबर को 'संविधान रक्षा मार्च' का आयोजन करेगी। यह निर्णय सोमवार को कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की मौजूदगी में आयोजित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' निगरानी समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 18 नवंबर से राज्य के सभी जिलों में 'चौपाल कार्यक्रम' को फिर से गति दी जाएगी। इसके तहत प्रत्येक जिले से कम से कम ऐसे 10 जीवित लोगों को जोड़ा जाएगा, जो वर्ष 2003 से लगातार मतदान कर रहे हैं, लेकिन मतदाता सूची से उनका नाम काट दिया गया है। पार्टी इन लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। इसके साथ ही, अक्टूबर 2026 में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाकर उनसे 'फॉर्म-6' भरवाया जाएगा।
बैठक में निगरानी समिति के संयोजक अनादि ब्रह्म, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, आभास पप्पू और जितेंद्र द्विवेदी समेत अन्य नेता उपस्थित थे।
