रांची। झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को प्रसारित करने वाले एक प्रमुख न्यूज चैनल के कार्यालय में हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता में उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए इसकी तुलना 1975 के आपातकाल से की।
दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि रांची और सिमडेगा पुलिस ने रात के समय बिना सर्च वारंट के चैनल के दफ्तर में प्रवेश किया और बिना पंचनामा बनाए कई कीमती सामान अपने साथ ले गई। उन्होंने दावा किया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाए जाने के बाद उन्हें स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर धरने पर बैठना पड़ा।
भाजपा नेता ने कहा कि 13 नवंबर को सिमडेगा की एक 14 वर्षीय आदिवासी बालिका ने विधायक भूषण बाड़ा पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है और न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष बीएनएस की धारा 183 के तहत अपना बयान दर्ज कराया है। उन्होंने 2019 और 2024 के चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए दावा किया कि विधायक पर पूर्व में भी इसी तरह के मामले (एमएलए/एमपी केस संख्या 5/21 और सिमडेगा महिला थाना जीआर नंबर 320/19) दर्ज रहे हैं।
उन्होंने सिमडेगा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक पर विधायक को संरक्षण देने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। साथ ही, कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया कि पूर्व में मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पार्टी ने उन्हें टिकट क्यों दिया।
प्रेसवार्ता के दौरान दीपक प्रकाश ने राज्य में विभिन्न पत्रकारों और मीडिया संस्थानों पर पूर्व में हुई कार्रवाइयों का भी जिक्र किया। उन्होंने राज्य सरकार से मीडिया के खिलाफ कार्रवाई रोकने और आरोपी विधायक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
