जमशेदपुर।आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 3 स्थित बहरा मैदान के पास रविवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस हिंसक झड़प में दो युवकों को गोली लगी है, जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
घायल पक्ष के मोहम्मद सद्दाम ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि रविवार देर रात करीब 10 से 20 की संख्या में कुछ युवक अचानक उनकी बहन के घर पहुंचे और उनके भाई की तलाश करने लगे। इस दौरान युवकों ने बड़े भाई के साथ मारपीट की।
सूचना मिलने पर जब मोहम्मद सद्दाम कपाली से मौके पर पहुंचे, तो आरोपी युवक वहां से भागने लगे। सद्दाम का आरोप है कि जब उन्होंने पीछा किया, तो 'चना वसीम' और उसके साथ मौजूद 3-4 अन्य युवकों ने मस्जिद के पास ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने उनके भतीजे पर भी पिस्तौल तान दी थी।
इस खूनी संघर्ष के दौरान साकिब नूर को गोली लग गई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे परवेज भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोहम्मद सद्दाम ने मुख्य आरोपी 'चना वसीम' पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से बाहर आया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फायरिंग और इस पूरी वारदात के अन्य पहलुओं की असली तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल, दो युवकों के घायल होने और सरेआम फायरिंग की इस घटना से स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।
