अजय शर्मा

​खूंटी।आठ बार सांसद, तीन बार केंद्रीय मंत्री, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और पद्मभूषण से सम्मानित वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा इन दिनों खूंटी के अनिगड़ा स्थित अपने आवास पर बेहद सादगीपूर्ण और एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे हैं। कभी देश की राजनीति के केंद्र में रहने वाले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह से सीधा संवाद रखने वाले इस दिग्गज नेता की दिनचर्या अब योग, पूजा-अर्चना, अखबार पढ़ने और खेतों की देखरेख तक सिमट गई है।

​इसी बीच उनकी सुरक्षा व्यवस्था में की गई कटौती चर्चा का विषय बन गई है। जिला पुलिस प्रशासन ने नक्सलवाद समाप्ति और पुलिस बल की कमी का हवाला देते हुए करीब 10 माह पूर्व उनके आवास से हाउस गार्ड हटा लिए हैं। प्रशासन ने बॉडीगार्ड की संख्या दो से बढ़ाकर तीन करने का विकल्प दिया था, जिसे कड़िया मुंडा ने अस्वीकार कर आवास पर हाउस गार्ड बहाल रखने की मांग की थी। उनके निजी सहायक ने इस संबंध में तत्कालीन एसपी को पत्र भी लिखा था।

अनिगड़ा स्थित उनके आवास पर वर्ष 2014 में हाउस गार्ड तैनात किए गए थे। वर्ष 2019 में पत्थलगड़ी आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों ने उनके घर पर हमला कर तीन हाउस गार्ड का हथियार सहित अपहरण कर लिया था। इस संवेदनशील इतिहास के बावजूद हाउस गार्ड हटाए जाने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरी चिंता जताई है।

20 अप्रैल 1936 को खूंटी के चंडीहडीह गांव में जन्मे कड़िया मुंडा ने एमए तक शिक्षा प्राप्त की और जोजोहातू स्कूल में शिक्षक के रूप में अपना करियर शुरू किया। आपातकाल के दौरान मीसा के तहत 13 महीने जेल में रहने वाले मुंडा 1977 में पहली बार सांसद बने। अपने लंबे संसदीय जीवन में उन्होंने केंद्रीय इस्पात एवं खान राज्य मंत्री, केंद्रीय कल्याण मंत्री, कोयला मंत्री और 2009 में लोकसभा उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने के बाद अब वे अपने परिवार और गांव के बीच शांत जीवन जी रहे हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर उठे सवालों ने स्थानीय स्तर पर बहस छेड़ दी है।