​रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा के प्रांगण (बूथ संख्या-249) में स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" सुनी।

​कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सर्वप्रथम भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

​'मन की बात' कार्यक्रम के बाद नितिन नबीन ने संगठन में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मान और महत्व की एक अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने दूर खड़े बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को खुद अपने पास बुलाकर बगल में खड़ा किया। बूथ अध्यक्ष का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि आप हमारे मालिक हैं। संगठन की असली ताकत और वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता ही हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्यकर्ता ही प्रधानमंत्री के विचारों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हैं।

​महिलाओं व ग्रामीण परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखपति दीदी योजना का प्रमुखता से उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि 3 करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य हासिल हो चुका है और अब अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने पर काम जारी है।उन्होंने जोर देकर कहा कि जब माता-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो इससे दो-दो परिवारों का संवारना और संबल मिलना संभव होता है।

​नितिन नबीन ने अगली पीढ़ी की शिक्षा और बेटियों को आगे बढ़ाने की सामाजिक जिम्मेदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना ही परिवार और समाज के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों को अपने गांव, परिवार और समाज के अन्य लोगों तक फैलाएं।

​इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, 'मन की बात' कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अमित कुमार, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता, महिला-पुरुष कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।