बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन ने संयंत्र परिसर की सुरक्षा मजबूत करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए 'ज़ीरो टॉलरेंस रूल्स' के तहत सख्त निर्देश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार सभी ऑपरेशनल क्षेत्रों, शॉप फ्लोर, 'लाइन ऑफ फायर' ज़ोन और प्रोजेक्ट साइटों पर ठेका श्रमिकों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को ठेकेदारों के माध्यम से इस आदेश का 100% अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। दैनिक टूलबॉक्स टॉक्स में श्रमिकों को इसकी जानकारी दी जाएगी और एंट्री प्वाइंट्स पर नोटिस बोर्ड लगाने के साथ फोन डिपॉजिट रजिस्टर का रख-रखाव अनिवार्य होगा। नियम पालन सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग और पर्यवेक्षक हर शिफ्ट में सरप्राइज चेक करेंगे।इमरजेंसी में संपर्क के लिए ठेकेदारों और विभागों द्वारा विशेष नंबर जारी किए जाएंगे।
कार्यस्थल पर मोबाइल का उपयोग करते पकड़े जाने पर संबंधित ठेका श्रमिक को तुरंत काम से रोक दिया जाएगा। उल्लंघन करने पर श्रमिक और ठेकेदार दोनों के खिलाफ सेफ्टी नियमों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
