रांची। झारखंड कांग्रेस ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तीसरे चरण की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। छठ महापर्व के तुरंत बाद शुरू होने वाले इस चरण के तहत राज्य के सभी प्रखंडों के गांव-गांव में 'वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल' का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन,अनुश्रवण और नियमित समीक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में अनादि ब्रह्म को संयोजक बनाया गया है, जबकि लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, अजहर पप्पू और जितेंद्र त्रिवेदी को सदस्य मनोनीत किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि रांची स्थित कांग्रेस भवन में नवनियुक्त कमेटी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कमेटी के सदस्यों को अभियान के तीसरे चरण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी जिला और प्रखंड कांग्रेस अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर हर गांव में चौपाल का आयोजन सुनिश्चित करें। साथ ही, कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की समीक्षा कर समय-समय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को रिपोर्ट सौंपें।
राकेश सिन्हा के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया जैसे अहम मुद्दों पर आम लोगों के साथ संवाद स्थापित करना है। चौपाल के माध्यम से नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
