रामगढ़। भारतमाला परियोजना के तहत बनने वाले महत्वाकांक्षी वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य अब रामगढ़ क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ सकेगा। वन एवं पर्यावरण विभाग ने रामगढ़ वन प्रमंडल के अंतर्गत आने वाली अधिसूचित वनभूमि पर निर्माण कार्य शुरू करने की आधिकारिक अनुमति प्रदान कर दी है।
लंबे समय से इस परियोजना के लिए कुल 81.1902 हेक्टेयर अधिसूचित वनभूमि पर एनओसी का इंतजार किया जा रहा था। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद अब मार्ग में आ रही सभी तकनीकी व पर्यावरणीय अड़चनें दूर हो गई हैं, जिससे निर्माण एजेंसी बिना किसी बाधा के धरातल पर काम शुरू कर सकेगी।
वाराणसी से कोलकाता को जोड़ने वाले इस हाई-स्पीड एक्सप्रेस-वे का निर्माण झारखंड राज्य में चतरा जिले से शुरू हो रहा है। रामगढ़ जिले के अंतर्गत यह परियोजना पैकेज 3 के तहत निष्पादित की जानी है।
इस पैकेज में कुल 46.500 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रस्तावित है। एक्सप्रेस-वे के बन जाने से न केवल वाराणसी, झारखंड और कोलकाता के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि माल ढुलाई, व्यापार और स्थानीय परिवहन को एक नई गति मिलेगी।
वन विभाग से मिली हरी झंडी के बाद अब रामगढ़ प्रमंडल में भारी मशीनरी और निर्माण एजेंसियों की गतिविधियां बढ़ेंगी। स्थानीय प्रशासन और परियोजना से जुड़े अधिकारियों को उम्मीद है कि वनभूमि की अनुमति मिलने के बाद इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
