​रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन दर्शन, त्याग, संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा के सपनों के अनुरूप झारखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह की शुरुआत एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। नगाड़े और मांदर की थाप पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा तक पहुंची, जहां अतिथियों एवं विश्वविद्यालय परिवार ने उन पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात कृषि महाविद्यालय प्रेक्षागृह में मुख्य समारोह का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं बीएयू के आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. वायलेट केरकेट्टा ने बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने पर जोर दिया। वहीं, कृषि संकाय के डीन डॉ. डी.के. शाही, निदेशक अनुसंधान डॉ. पी.के. सिंह तथा कुलसचिव डॉ. शैलेश चट्टोपाध्याय ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा, अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार के खिलाफ 'उलगुलान' तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन में भगवान बिरसा के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। इस दौरान एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र नितेश पुरी गोस्वामी ने भी बिरसा भगवान के जीवन चरित पर अपने विचार रखे।

डॉ. अरुण कुमार तिवारी के समन्वयन में विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित रांची एग्रीकल्चर कॉलेज, वेटनरी कॉलेज, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग कॉलेज और वानिकी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समूह गीत, पारंपरिक नृत्य और नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शशि सिंह ने किया, जबकि सांस्कृतिक सत्र की एंकरिंग वेटरनरी कॉलेज के शिवांग और वानिकी महाविद्यालय की शाहीन परबीन ने संयुक्त रूप से की।

शोभायात्रा एवं समारोह में डीन डॉ. आलोक कुमार पांडेय, डॉ. कौशल कुमार, एसोसिएट डीन प्रो. डी.के. रूसिया, डॉ. संजय कुमार रवि, डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, निदेशक प्रक्षेत्र डॉ. रवि कुमार, डॉ. रामप्रसाद मांझी तथा एनएसएस समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल थे।