हजारीबाग। जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र स्थित डॉ. भानु शंकर अस्पताल के पास रहने वाली एक 28 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। मृतका पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की बड़ा बाजार शाखा में अनुबंध पर कार्यरत थी। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें पारिवारिक बोझ सहन नहीं कर पाने की बात लिखी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतका लोहसिंघना स्थित अपने कमरे में फंदे से लटकी पाई गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह कार्यालय जाने का समय होने के बावजूद उनके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने अन्य सदस्यों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर महिला का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें पारिवारिक बोझ का जिक्र है। पुलिस नोट की प्रामाणिकता और उसमें लिखी बातों की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।
