चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के पांडरासाली ओपी अंतर्गत तूंगी गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। खाने में देरी या भोजन न बनाने की मामूली बात पर एक पति ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी गुरबारी हांसदा की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को अपने ही घर के कमरे के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने आरोपी पति राम हांसदा को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व खून लगी मिट्टी बरामद कर ली है।

मिली जानकारी के अनुसार गत 17 अक्टूबर को गांव में 'जमना पर्व' मनाया जा रहा था, जिसमें सभी ग्रामीण शामिल हुए थे। रात में मृतिका गुरबारी हांसदा और उसके पति राम हांसदा के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ कि समय पर भोजन नहीं बनाया गया था। इसी गुस्से में आकर आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए कुल्हाड़ी से पत्नी के गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के भीतर ही दफना दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार की सुबह मृतिका की बेटी नागीश्री गागराई (निवासी बड़ा बमबो) अपने मायके पहुंची। घर पर मां को न पाकर उसने जब आसपास तलाश शुरू की, तो कमरे की दीवार पर खून के छींटे देखे। इसके बाद उसने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने जब आरोपी राम हांसदा से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आईपीएस राज कुमार जेयराजु ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 24 अक्टूबर को पांडरासाली ओपी को इस घटना की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राम हांसदा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर के अंदर दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया। रांची से आई फोरेंसिक टीम की मदद से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून लगी मिट्टी को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी में एक मामला दर्ज है।

शव काफी सड़-गल चुका था, जिसके कारण सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बेहतर पोस्टमार्टम के लिए शव को जमशेदपुर रेफर कर दिया है। मृतिका की बेटी के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी पति को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।