रांची। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में रविवार को मिथिला और बंगाली समुदाय के लोगों ने कोजागिरी लक्ष्मी पूजा और शरद पूर्णिमा का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में विशेष उत्साह का माहौल देखा गया।
मां लक्ष्मी को धान, फल, मिठाई, नारियल और अन्य पारंपरिक भोग अर्पित किए गए। इस दिन घरों में पान, मखाना और मिठाइयां बांटने की अनूठी परंपरा निभाई जाती है।
घर के मुख्य द्वार पर बनाए गए देवी लक्ष्मी के छोटे-छोटे पदचिह्न उनके आगमन और घर में कभी अन्न की कमी न होने की कामना का प्रतीक हैं।
यह पर्व केवल देवी आराधना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह घर-आंगन की स्वच्छता, अन्न समृद्धि, पारिवारिक सौहार्द और जीवन में सुख-शांति का भव्य उत्सव है।
इस पावन पर्व पर लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी की आराधना कर परिवार में आपसी प्रेम और सुख-समृद्धि की कामना की।
