जमशेदपुर। शहर में खाद्य पदार्थों में मिलावट, प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। नामकुम से पहुंची मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अलग-अलग दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और सड़क किनारे संचालित खाद्य स्टॉलों पर पहुंचकर खाद्य सामग्रियों की जांच की। इस दौरान अंडे और मछली से तैयार खाद्य पदार्थों में हानिकारक एवं अखाद्य रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया। जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं, नियमों की अनदेखी करने वाले दो दर्जन से अधिक दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों और दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। अभियान के दौरान टीम ने दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी स्वच्छता और उनमें इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की जांच की।
जांच के दौरान अंडे और मछली से तैयार खाद्य पदार्थों में ऐसे रंगों का इस्तेमाल पाया गया, इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित खाद्य सामग्री को बिक्री से हटवाया और मौके पर ही नष्ट कराया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखना, खाद्य सामग्रियों को सुरक्षित तरीके से रखना, निर्धारित गुणवत्ता वाले रंगों का ही इस्तेमाल करना और खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल अभियान के दौरान अमानक और अखाद्य रंगों से तैयार खाद्य पदार्थों को नष्ट कराने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। हालांकि, इसके बावजूद यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान में दोबारा मिलावट अथवा प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की शिकायत मिलती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में इस तरह की जांच जारी रहेगी। साथ ही दुकानदारों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और आम लोगों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है। विभाग की इस कार्रवाई को मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और शहरवासियों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
