रांची।आदिवासी नेत्री निशा भगत के निधन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की प्राथमिकी में नामजद ज्योत्सना केरकेट्टा ने शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने निशा भगत के निधन को आदिवासी समाज के लिए बड़ी क्षति बताया और उनके साथ किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत दुश्मनी होने से साफ इनकार किया।
ज्योत्सना केरकेट्टा ने स्पष्ट किया कि कुड़मी आंदोलन के दौरान दोनों के बीच वैचारिक अंतर जरूर थे और कई मुद्दों पर असहमतियां थीं, लेकिन इसे व्यक्तिगत दुश्मनी का रूप देना गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि सार्वजनिक जीवन और सोशल मीडिया पर वैचारिक टकराव आम बात है, लेकिन क्या किसी अप्रिय घटना के लिए वैचारिक विरोधियों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है? उन्होंने आरोप लगाया कि निशा भगत के पिता को बहला-फुसलाकर इस मामले में उनका नाम शामिल कराया गया है।
ज्योत्सना ने निशा भगत को एक मजबूत और बेबाक महिला बताया। उन्होंने दावा किया कि निशा भगत के जीवन में बढ़ता अकेलापन भी उनके निधन की एक वजह हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देकर आदिवासी महिला नेतृत्व को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
अपने ऊपर लगे सभी आरोपों के बीच ज्योत्सना केरकेट्टा ने मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह जांच एजेंसी के सामने पेश होने और हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, ताकि इस मामले की सच्चाई सबके सामने आ सके।
