रांची। पशुपालन भवन, हेसाग में गुरुवार को 'खेत बचाओ अभियान सह राज्य स्तरीय रबी कर्मशाला-2026' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को किसानों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाएं।
कृषि सचिव ने बताया कि इस वर्ष की कर्मशाला 'खेत बचाओ अभियान' और 'रबी कर्मशाला' जैसे दो प्रमुख विषयों पर केंद्रित है। इसमें खेतों की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखने, परती भूमि का बेहतर उपयोग करने, उर्वरकों का सीमित व सुरक्षित इस्तेमाल करने और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने सभी जिलों में तालाबों, नहरों व अन्य सिंचाई संसाधनों का अद्यतन डेटा तैयार कर किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि निदेशक श्री विद्यानंद शर्मा पंकज ने परती भूमि के अधिकतम उपयोग, फसल आच्छादन क्षेत्र के विस्तार और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर बल दिया। वहीं, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सीएस दुबे ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के प्रति जागरूक करना है, जिससे वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकें।
इस अवसर पर मृदा निदेशक विकास कुमार, निदेशक समिति रमाशंकर प्रसाद, गव्य निदेशक संजीव कुमार सहित विभिन्न कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और कृषि विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
