​रांची। राजधानी रांची में सड़क बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में दो बड़े कदम उठाए गए हैं। एक तरफ जहां अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है, वहीं दूसरी तरफ मेकन-सिरमटोली और कांटाटोली फ्लाईओवर को आपस में जोड़ने वाले कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण में आ रही बड़ी बाधा भी दूर हो गई है।

​पथ निर्माण विभाग के पथ प्रमंडल, रांची की ओर से अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक सड़क के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दी गई है। इस पूरी योजना पर अनुमानित तौर पर 23 करोड़ 15 लाख 47 हजार 694 रुपये खर्च किए जाएंगे।इस परियोजना के तहत किलोमीटर 1.850 से 5.300 तक कुल 3.45 किलोमीटर लंबी सड़क को बेहतर बनाया जाएगा।

​इस कार्य को पूरा करने के लिए 13 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

​दूसरी ओर, मेकन-सिरमटोली और कांटाटोली फ्लाईओवर को जोड़ने वाले कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण में आ रही बड़ी बाधा गुरुवार को दूर हो गई। पथ निर्माण विभाग ने ऑक्सफोर्ड नर्सरी विंग स्कूल की चारदीवारी को तोड़कर हटा दिया है। चारदीवारी हटने के बाद अब इस स्थान पर कनेक्टिंग फ्लाईओवर के चार नए पिलरों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर के बन जाने से मेकन-सिरमटोली फ्लाईओवर और कांटाटोली फ्लाईओवर के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा, जिससे रांची शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा।

इस पूरी परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।​प्रशासन ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।