​रांची। झारखंड के बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्वीडन के दो धावक ब्योन स्वेनसन और क्रिस्टिना पॉर्टेन लद्दाख से लगभग 2,600 किलोमीटर की कठिन दौड़ पूरी कर शुक्रवार को रांची पहुंचे। उनकी इस अनूठी यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड में कार्यरत संस्था ‘आशा’ के सामाजिक प्रयासों को समर्थन देना है।

​सुबह डिबडीह बायपास के समीप ‘आदिनिवास’ और ‘जय जवान क्लब’ के सदस्यों ने दोनों विदेशी धावकों का पारंपरिक आदिवासी गमछा और बुके भेंट कर गर्मजोशी से अभिनंदन एवं जोहार किया। इस दौरान झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली। आदिनिवास के स्टेट हेड सजीत टोप्पो तथा सामाजिक कार्यकर्ता व आदिवासी नेता अनिल अमिताभ पन्ना ने दोनों धावकों का स्वागत करते हुए उनके साहस और सामाजिक संकल्प की सराहना की।

लद्दाख से शुरू हुई 2,600 किलोमीटर की इस चुनौतीपूर्ण यात्रा का अंतिम पड़ाव रांची जिले का भुसूर गांव है। अनुभव साझा करते हुए दोनों धावकों ने कहा कि झारखंड आकर उन्हें बेहद सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को वे भगवान बिरसा मुंडा की धरती खूंटी का भी दौरा करेंगे।

​कार्यक्रम में संस्था ‘आशा’ के संस्थापक अजय जायसवाल और पूनम भी धावकों के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर फूलदेव भगत, बिपिन खलखो, विनय मुंडू, राजेश कुजूर, जॉन तिग्गा, सुनील टोप्पो, सोनू कुजूर और अंकित हीरो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।