​रांची। रांची-लोहरदगा रेलमार्ग पर नगड़ी क्षेत्र में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर बुधवार सुबह नगड़ी, नारो, देवरी, महतो टोली, कुडला टोली और तुसमू के सैकड़ों ग्रामीणों व किसानों ने प्रदर्शन किया। बीते साढ़े पांच वर्षों से लंबित इस मांग पर कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने सांकेतिक विरोध दर्ज कराते हुए करीब पांच मिनट तक ट्रेन रोकी।

​प्रदर्शन के बाद हुई बैठक में ग्रामीणों ने आगे की रणनीति बनाते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मिलकर अपनी बात रखने का फैसला किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो रेलवे लाइन के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भी व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।