​रांची। गिरिडीह में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अपने सभी प्रमुख नेताओं को सीधे चुनावी क्षेत्र में ले जाकर रणनीति बना रही है। इसी क्रम में 21 नवंबर को गिरिडीह में प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं का महाजुटान होगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ कोर कमेटी के सदस्यों और राज्य के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। पार्टी का मानना है कि दिग्गजों के एक साथ क्षेत्र में उतरने से चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में बनेगा।

संगठन प्रभारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल की उपस्थिति में होने वाली इस बैठक में संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी मंथन होगा। हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार गिरिडीह सीट से टिकट के कई दावेदार हैं, लेकिन अंतिम नाम की घोषणा चुनाव आयोग द्वारा तिथि जारी किए जाने के बाद ही की जाएगी। गजेंद्र पटेल गिरिडीह पहुंचने के लिए दिल्ली से सीधे देवघर आएंगे और वहां से सड़क मार्ग से गिरिडीह जाएंगे। बैठक के दौरान वे जिला भाजपा नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर जीत के समीकरणों और उम्मीदवारों की संभावनाओं का फीडबैक ले सकते हैं।

उपचुनाव की रणनीति को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पहले ही रांची में गिरिडीह जिले के नेताओं के साथ दो दौर की बैठक कर चुके हैं। अब झारखंड भाजपा नेतृत्व ने तय किया है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में ये दोनों शीर्ष नेता गिरिडीह में प्रवास करेंगे और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर प्रत्याशी के नाम पर आम सहमति बनाने का प्रयास करेंगे।

​22 को देवघर में प्रमंडल स्तरीय बैठक, केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

गिरिडीह के बाद 22 नवंबर को भाजपा देवघर में संताल परगना के नेताओं के साथ प्रमंडल स्तरीय बैठक करेगी, जिसमें प्रदेश कमेटी के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे। गिरिडीह और देवघर में होने वाली इन दो दिवसीय बैठकों के आधार पर गजेंद्र पटेल उपचुनाव की एक प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार करेंगे।